गोरखपुर में सीएम योगी का बड़ा धमाका: GIDA के स्थापना दिवस पर 502 करोड़ के प्रोजेक्ट्स की सौगात, ट्रेड शो का किया आगाज
सीएम योगी आदित्यनाथ ने GIDA के स्थापना दिवस पर 502 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी और गोरखपुर ट्रेड शो का शुभारंभ किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) के 37वें स्थापना दिवस के मौके पर शहर को विकास की बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने 502 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 104 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस खास मौके पर उन्होंने तीन दिवसीय 'गोरखपुर ट्रेड शो' का भी शुभारंभ किया, जहां उन्होंने स्थानीय उद्यमियों और युवा इनोवेटर्स के साथ सीधा संवाद किया।
ट्रेड शो के दौरान सीएम योगी ने विभिन्न स्टॉल्स का भ्रमण किया, जहां इको-फ्रेंडली स्टार्टअप्स से लेकर 'एक जिला एक उत्पाद' (ODOP) के तहत बने सामान और औद्योगिक ड्रोन जैसे आधुनिक आविष्कार प्रदर्शित किए गए थे। मुख्यमंत्री ने न केवल उत्पादों की सराहना की, बल्कि उभरते उद्यमियों को ब्रांडिंग और पैकेजिंग सुधारने के टिप्स भी दिए।
उद्यमियों का बढ़ा उत्साह, युवाओं के इनोवेशन ने जीता दिल
इस आयोजन में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। 13 वर्षीय अदिरा सिंह ने अपने इको-फ्रेंडली स्टार्टअप 'NV रक्षा' के माध्यम से बांस के टूथब्रश और बीज वाले पेन प्रदर्शित किए। अदिरा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनके काम की तारीफ की और बचपन में दातून के इस्तेमाल का जिक्र करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। वहीं, टेराकोटा पैकेजिंग प्रोजेक्ट चलाने वाली उद्यमी संगीता पांडे ने कहा कि योगी सरकार के आने से गोरखपुर में उद्योगों की कमी दूर हुई है और अब नए स्टार्टअप्स को काफी राहत मिल रही है।
ट्रेड शो में केवल स्थानीय ही नहीं, बल्कि मुरादाबाद जैसे अन्य जिलों के व्यापारी भी पहुंचे थे। मुरादाबाद की प्राची ने साझा किया कि कैसे मुख्यमंत्री की सलाह पर उन्होंने अपने दाल के बिजनेस की पैकेजिंग को पॉलिथीन से बदलकर बॉक्स में किया, जिसकी सीएम ने इस बार सराहना की। इसके अलावा, मेले में कृषि छिड़काव और मेडिकल सप्लाई (खून और दवाइयां) ले जाने वाले आधुनिक ड्रोन भी आकर्षण का केंद्र रहे।
स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि पहले इस तरह के बड़े ट्रेड शो केवल दिल्ली या नोएडा जैसे महानगरों में होते थे, लेकिन अब गोरखपुर में ऐसी सुविधाएं मिलने से क्षेत्रीय व्यवसायों को जबरदस्त बढ़ावा मिल रहा है। फोर-लेन हाईवे से लेकर नए चिड़ियाघर तक, शहर की बदलती तस्वीर मुख्यमंत्री के विजन को दर्शाती है।